उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिला जेल में एचआईवी ने दस्तक दी है। यहां 9 कैदी एचआईवी संक्रमित पाए गए हैं। एचआईवी संक्रमित मिलने के बाद जेल परिसर में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि कैदियों की जांच के दौरान इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि आखिर कैदी कब से एचआईवी संक्रमित रहा होगा? मामले में अब जेल प्रशासन स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में इन कैदियों की इलाज की व्यवस्था कर रहा है।
माइक्रोबायोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ अमरेश सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिला कारागार में 1200 बंदी रक्षकों की जांच कराई गई थी। इसमें 9 कैदी एचआईवी पॉजिटिव पाए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद से ही इन कैदियों की निगरानी स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दी है। डॉ सिंह ने बताया कि यह बता पाना मुश्किल है कि इन कैदियों को एचआईवी कहां से हुआ और कब हुआ क्योंकि इस जांच में इसकी जानकारी नहीं मिल पाती है। गौरतलब है कि पूर्व में भी कैदी एचआईवी संक्रमित मिले थे। हालांकि कोरोना काल से ही जेल में बंद कैदियों से मुलाकात पर शासन के निर्देश पर पाबंदी लगाई गई है।