उत्तर प्रदेश: 80 फीट गहरे कुएं में फेंका 9 साल के बच्चे को, तीन दिन बाद जिंदा निकाला गया

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से बेहद ही चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 9 साल के बच्चे को 80 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया गया। मामला थाना टूंडला के गांव चुल्हवाली का है। बुधवार की सुबह गांव के बाहर स्थित कुएं से बालक के रोने की आवाज आ रही थी। आवाज सुनकर ग्रामीणों ने कुएं में देखा तो उनके होश उड़ गए। 80 फीट गहरे कुएं में बालक रो रहा था। जिसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बच्चे को कुए से बाहर निकाला गया। बच्चा पिछले तीन दिन तक भूखा-प्यासा कुएं में तड़पता रहा। पीड़ित बालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित बालक का नाम रोहित कुमार उर्फ बाबू है। वह 7 फरवरी की शाम से लापता था। पीड़ित बच्चे ने पुलिस को बताया है कि उसे गांव के एक युवक ने कुएं में फेंका है।

पीड़ित बालक ज्यादा बोलने की हालत में नहीं है। उसके शरीर पर चोट के निशान है। कपड़ों में खून लगा है। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके बाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है उनसे पूछताछ की जा रही है।

फोटो: अमर उजाला