UP Assembly Election 2022: सपा को बड़ा झटका, BJP में शामिल हो सकती हैं मुलायम सिंह की छोटी बहू अपर्णा यादव

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद नेताओं का दलबदल जारी है। एक ओर बीजेपी के कई मंत्री और विधायक सपा में शामिल हुए। वहीं, सपा को अब एक बड़ा झटका लग सकता है। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव बीजेपी में शामिल हो सकती हैं। अपर्णा की बीजेपी से बातचीत फ़ाइनल हो चुकी है। अपर्णा यादव ने 2017 का विधानसभा चुनाव लखनऊ की कैंट सीट से लड़ा था। कैंट विधानसभा क्षेत्र से 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में अपर्णा यादव दूसरे नंबर पर रही थीं। वह भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी से हार गई थीं। हालांकि, अपर्णा को करीब 63,000 वोट मिले थे। अपर्णा यादव मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। आपको बता दे, इससे पहले मुलायम के समधी हरिओम यादव भी भाजपा का दामन थाम चुके हैं।

बता दें कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की उपस्थिति में रविवार को भाजपा में कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। कयास लगाया जा रहा है कि इस दौरान अपर्णा भी भाजपा में शामिल होंगी।

समाजवादी पार्टी की छोटी बहू अपर्णा यादव हमेशा से ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पीएम मोदी की तारीफ करती आई हैं। यहां तक उन्होंने राम मंदिर के लिए 11 लाख 11 हजार का चंदा भी दिया था।