उत्तर प्रदेश: घर में डकैती करने घुसे बदमाशों ने चलाई गोली, महिला की मौत तीन अन्य घायल; आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में हथियारों से लैस बदमाशों ने एक घर में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। परिवार का विरोध करने पर बदमाशों ने गोलियां चलाना शुरू कर दिया। जिससे 35 साल की महिला महिला विनीता की मौत हो गई। जबकि, घर के अन्य सदस्य (पति, देवर और देवरानी अनीता) गोली लगने से घायल हो गए। तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े और वहां से भाग रहे एक बदमाश को दबोच लिया। इसके बाद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना जिले के तालगांव कोतवाली क्षेत्र के अंगरौरा गांव की है।

बदमाश को हिरासत में लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वारदात में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है। परिजनों का कहना है कि घर में काम चल रहा था। शक है कि मजदूरों ने रेकी कर डाका डाला है।