राहुल गांधी आज फिर हाथरस के लिए होंगे रवाना, पुलिस फिर रोकेगी

हाथरस गैंगरेप (Hathras Gangrape) की घटना को लेकर हंगामे के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज फिर हाथरस के लिए रवाना होंगे। उनके साथ कांग्रेस के कुछ सांसद भी जाएंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। इससे पहले गुरुवार को राहुल और प्रियंका को हाथरस जाते वक्त ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर रोक दिया गया था। दोनों को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनसे कहा कि आपने धारा 188 का वॉयलेशन किया है।

पुलिस ने राहुल की कॉलर भी पकड़ी थी। धक्कामुक्की में वे नीचे गिर गए, और हाथ में चोट लग गई। राहुल और प्रियंका को 4 घंटे हिरासत में रखने के बाद छोड़ा गया। दोनों हाथरस के बुलीगढ़ गांव जाकर गैंगरेप पीड़ित के परिवार से मिलना चाहते थे।

राहुल को पुलिस आज फिर रोकेगी क्योंकि पूरे हाथरस जिले में धारा 144 लागू है, सीमाएं सील हैं और विपक्षी दलों के नेताओं को गैंगरेप पीड़ित के गांव में एंट्री नहीं दी जा रही। सरकार ने हाथरस की घटना से जुड़े थाने के पुलिसकर्मियों और आरोपियों के साथ ही पीड़ित परिवार के लोगों का भी नार्को टेस्ट कराने का फैसला किया है। परिवार के सदस्यों ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि वे नार्को टेस्ट नहीं करवाएंगे, क्योंकि सच बोल रहे हैं, हमारी बजाय डीएम का नार्को टेस्ट होना चाहिए।

बता दे, हाथरस के चंदपा क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता के गांव को आज मीडिया के लिए खोल दिया गया है। बीते कुछ दिनों से पूरे गांव में बैरिकेडिंग थी और मीडिया का प्रवेश भी वर्जित कर दिया गया था। हालांकि प्रशासन से यह अनुमति सिर्फ मीडिया को दी है, यानी राजनेता आदि गांव में नहीं जा सकते।