घर-घर जाकर बीजेपी बाटेगी मोदी और योगी की तस्वीर वाले मास्क, सैनिटाइजर से आएगी कमल की खुशबू

उत्तर प्रदेश के कानपुर-बुदंलेखंड में बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा ने घर-घर जाकर मास्क और सैनिटाइजर बांटने का निर्णय लिया है। सैनिटाइजर में से कमल की खुशबू आएगी। सैनिटाइजर की बोतल पर पर प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी, सीएम योगी सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं की तस्वीर भी लगी है। कानपुर-बुंदेलखंड में 13 जिले आते हैं। यह भाजपा का गढ़ है। कानपुर बुंदेलखंड में 10 लोकसभा सीटें हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सभी सीटों पर कब्जा किया था। वहीं, इस क्षेत्र में 52 विधानसभा सीटें हैं। जिसमें से 47 सीटों पर भाजपा का कब्जा है। भाजपा अपने इस सबसे मजबूत किले में अब मास्क और सैनिटाइजर के जरिए घर-घर पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराना चाहती है।

सैनिटाइजर की बोतल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और कानपुर बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह की फोटो लगाई गई है। कमल की खुशबू वाला सैनिटाइजर पूरे कानपुर बुंदेलखंड में चर्चा का विषय बना हुआ है। अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अजीत सिंह छाबड़ा ने बताया कि, संगठन के आदेश पर यह काम किया जा रहा है। सैनिटाइजर भारतीय जनता पार्टी कानपुर बुंदेलखंड के नाम से है, जिसमें शीर्ष नेताओं की फोटो लगाकर फ्री में बांटा जाएगा। जिससे कोरोना की रोकथाम की जा सके।