भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने जया बच्चन पर दिया विवादित बयान, कहा - अब नर्तकी भी देने लगे श्राप

अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले यूपी के बलिया में बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। इस बार इनके निशाने पर जया बच्चन है। सुरेंद्र सिंह ने सपा सांसद जया बच्चन को नर्तकी कहा है। सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पहले तो त्यागी, तपस्वी, साधक और साधु-संत ही आशीर्वाद या श्राप दिया करते थे, लेकिन अब नर्तकी भी श्राप देने लगी हैं। यही कलयुग का असली स्वरूप है। इतना ही नहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा 70 साल की उम्र में शादी करने को लेकर भी सुरेंद्र सिंह ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लड़कियों की शादी की उम्र 21 साल होनी चाहिए, लेकिन इसके साथ ही साथ एक और कानून बनाना चाहिए कि 50 साल के बाद पुरुषों को भी शादी नही करनी चाहिए। यह भी एक सामाजिक कुरीति है और सामाजिक बंधन का एक अपराध है।

बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि क्योकि हमारे नेता लोग, जैसे दिग्विजय सिंह को देखें ही होंगे वो 70 साल की उम्र में 25 साल की ज्योति से कोई शादी करता है तो यह सामाजिक बंधन का एक अपराध है। हमारी सरकार दोनों पर हमारी सरकार कर रही है और यह होना भी चाहिए।

राज्यसभा में जया ने बीजेपी सांसदों को श्राप दिया था

राज्यसभा में मंगलवार को सांसदों के निलंबन और निजी टिप्पणी से नाराज होकर सपा सांसद जया बच्चन ने कहा था- 'मैं आपको श्राप देती हूं, आपके बुरे दिन आएंगे। जया ने कहा था कि हमारे सांसद बाहर बैठे हैं। उनका निलंबन वापस नहीं हो रहा। यह न्याय नहीं है, लेकिन इस सरकार से यह उम्मीद करना बेकार है।'

जया बच्चन ने कहा था कि इन लोगों ने किसान से माफी मांगी है। अब इन सांसदों से भी माफी मांगेंगे। जिस तरह से ये सरकार काम कर रही है, वह निंदनीय है। इसी के बाद से जया भाजपा नेताओं के निशाने पर हैं।