UP News: मेरठ में 10 फीट गहरे नाले में गिरकर युवक की मौत, रायबरेली में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मेरठ जिले में शुक्रवार देर रात एक युवक की 10 फीट गहरे नाले में गिरकर मौत हो गई। युवक दोस्त के साथ नाले के पास से जा रहा था। जेसीबी की मदद से पुलिस ने युवक की तलाश कराई तो 2 घंटे बाद शव नाले से निकाला गया।

लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के श्यामनगर निवासी मोहम्मद चांद (34) पुत्र अनवर पुराने मकान तोड़ने का ठेका लेता था। शुक्रवार रात युवक अपने साथी फईम के साथ ओडियन नाले के रास्ते घर जा रहा था। ब्रह्मपुरी थाने के पास चांद ओडियन नाले में गिर गया।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम की लापरवाही से हादसा बताते हुए जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने समझाकर मामले को शांत कराया।

साथी भी गिरफ्तार

रायबरेली में पुलिस और एसओजी की टीम ने लंबे समय से वांटेड चल रहे बदमाश नब्बू नट को गिरफ्तार कर लिया है। नब्बू नट पर 25,000 का इनाम था। नब्बू नट के साथ उसके साथी रंजीत को भी टीम ने गिरफ्तार किया है।

भदोखर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नब्बू नट और रंजीत को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था। शुक्रवार देर रात मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। इनके पास असलहे भी बरामद हुए हैं। दोनों भागने की फिराक में थे। एनकाउटंर के डर से भाग नहीं सके।