बदायूं: शक्की पति की करतूत, सो रही पत्नी पर डाला पेट्रोल, लगाई आग

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में सो रही महिला पर पेट्रोल डाल आग लगाने का मामला सामने आया है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, इसलिए उसने वारदात को अंजाम दिया है।

उधर, पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। वह 95% झुलस चुकी है। महिला के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। मां अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है, वहीं पिता अपनी करतूत के चलते जेल की हवा खा रहा है। ऐसे में बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिला अस्पताल के डॉक्टर शाकिर अली ने बताया कि महिला की गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत उसे बर्न वार्ड में भर्ती कर दिया गया है। 95% झुलसने से महिला की हालत गंभीर है।

यह है मामला

यह पूरा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कबूलपुरा का है। इश्तियाक अपनी पत्नी उज्मा पर किसी और से संबंध होने का शक करता था। वह अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। बुधवार रात में उसने पत्नी को चाय में कोई नशीला पदार्थ दे दिया। उसके बाद जब वह सो गई तो उसने उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

SSP संकल्प शर्मा ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।