आजमगढ़ः अस्पताल में भर्ती मरीज के साथ कंपाउंडर ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से एक निजी अस्पताल में भर्ती मरीज के साथ कंपाउंडर द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कंपाउंडर को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रहा है। घटना आजमगढ़ के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक प्राइवेट नर्सिंग होम की है। यहां 6 सितंबर को 25 वर्षीया महिला को सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था। पीड़िता के पति ने आरोप लगाया है कि रात में कंपाउंडर उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म कर रहा था। आहट होने पर जब वो जागा तो कंपाउंडर वहां से भाग गया।

उसके बाद पति ने जब शोर मचाया तो अस्पताल में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस को इस बात की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी कंपाउंडर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कंपाउंडर अस्पताल में पिछले 4 साल से नौकरी कर रहा था।

आजमगढ़ के एसपी सुधीर सिंह ने बताया कि पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कंपाउंडर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। कंपाउंडर वहां 4 साल से काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि वारदात के वक्त पीड़िता का पति भी उसी कमरे में सो रहा था और उससे भी पूछताछ की जाएगी। आरोपी कंपाउंडर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।