ट्रेन से बुंदेलखंड पहुंचीं प्रियंका गांधी, लखनऊ में की कुलियों से मुलाकात, पूछा हाल-चाल

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में विधानसभा चुनाव (Assenbly Election) से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी काफी सक्रिय हो गई हैं। प्रियंका गांधी अपने राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान समाज के हर वर्ग को साधने की कोशिश कर रही हैं। इसके चलते उन्होंने बाराबंकी में खेत पर महिला किसानों से मुलाकात की थी। आज प्रियंका गांधी ललितपुर के दौरे पर हैं और वह ट्रेन के जरिए ललितपुर के लिए निकली। इससे पहले उन्होंने लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर कुलियों के एक ग्रुप से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उनका हाल जाना। इस दौरान प्रियंका ने उन्हें सरकार आने पर हर संभव देने का भरोसा भी दिलाया।

प्रियंका गांधी ट्रेन से ललितपुर पहुंचीं। ललितपुर में वे मृतक किसान के परिजनों से मुलाकात करेंगीं। इसके बाद वे मध्यप्रदेश के दतिया में पीताम्बरा मंदिर में दर्शन करने जाएंगी। दरअसल, ललितपुर में खाद के लिए लाइन में लगे एक किसान की हार्टअटैक से मौत हो गई थी। बुंदेलखंड में किसानों को खाद की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। यहां लोगों को दो- दो दिन तक लाइनों में लगना पड़ रहा है।

इससे पहले प्रियंका गांधी ने 23 अक्टूबर को ट्वीट कर किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरा था। उन्होंने ट्वीट में दो खबरें शेयर की थीं। एक खबर लखीमपुर खीरी की थी, जहां किसान के धान की खरीद नहीं हो पा रही थी, ऐसे में उसने मंडी में अपने धान में आग लगा दी।

उन्होंने इस दौरान ललितपुर का भी जिक्र किया था। उन्होंने ट्वीट किया था, 'खाद वितरण में कुव्यवस्था के चलते ललितपुर के एक किसान की लाइन में खड़े-खड़े मृत्यु हो गई। यूपी की भाजपा सरकार किसानों को प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।' दरअसल चुनाव से पहले प्रियंका गांधी ने राज्य की योगी सरकार पर निशाना साधा है और कहा कि राज्य सरकार किसानों का शोषण कर रही है और उन्हें मूलभूत सुविधा भी मुहैया नहीं करा रही हैं।