अलीगढ़ / ईद की नमाज पढ़ने को लेकर उठा विवाद, दो पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी, 4 घायल, 8 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक मस्जिद में ईद की नमाज अदा करने को लेकर दो पक्षों के बीच झड़प का मामला सामने आया है। इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई। वहीं, सूचना के बाद मौक पर पहुंची पुलिस के साथ अभद्रता किए जाने की बात सामने आई है। इस घटना में 4 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने 8 लोगों को हिरासत में लिया है। मस्जिद के पास भारी पुलिस बल तैनात है।

कोरोना संकट को देखते हुए सभी धार्मिक स्थल बंद हैं, इसलिए मस्जिद में नमाज़ पढ़ने की इजाजत नहीं है। एक तरफ जहां प्रशासन मुस्तैद है तो वहीं, मौलाना और उलेमाओं की तरफ से घर में ही ईद की नमाज़ पढ़ने की अपील की गई। साथ ही कोरोना से महफूज रहने की दुआ करने की अपील की गई।

इसके अलावा ईद पर गले न मिलने और सोशल मीडिया के माध्यम से मुबारकबाद के लिए भी कहा गया है। घर में परिवार के साथ ईद की खुशियां मनाने की गुजारिश की गई है।

बता दें कि देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 1 लाख 39 हजार 923 पर पहुंच चुका है। सोमवार को दिल्ली में 635, राजस्थान में 145, आंध्रप्रदेश में 44, ओडिशा में 102, बिहार में 69, असम में 74, पुडुचेरी में 8, हिमाचल में 6, जबकि मणिपुर में 2-2 मरीज मिले। 304 मरीज और बढ़े, लेकिन ये किन राज्यों से यह जानकारी नहीं मिल सकी है। अब तक 4 हजार 21 लोगों की मौत हो चुकी है।

उत्तर प्रदेश में कोरोना के 6268 संक्रमित मामले सामने आ चुके है। यहां बीते 24 घंटे में 254 पॉजिटिव केस सामने आए। राज्य में इस बीमारी से 161 लोगों की मौत हुई है। 3538 मरीज ठीक हो चुके हैं। यानी अब तक 56.6% मरीज ठीक हो चुके हैं। 2569 का इलाज चल रहा है। अब तक 1569 प्रवासी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं जो कि कुल मरीजों का 25.3% हैं।