गुरुग्राम से पश्चिम बंगाल जा रही बस यमुना एक्सप्रेसवे पर पलटी, 100 लोग थे सवार, 14 की हालत गंभीर

आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। गुरुग्राम से पश्चिम बंगाल जा रही बस बेकाबू होकर पलट गयी। बस में 100 के आसपास सवारियां बैठीं हुई थीं। इस हादसे में 30 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 14 की हालत गंभीर है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा थाना खंदौली इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ।

दरअसल, एक प्राइवेट बस गुरुग्राम से पश्चिमी बंगाल जा रही थी, तभी अचानक वह बेकाबू हो गई। अनियंत्रित होने के बाद बस एक्सप्रेसवे पर पलट गई। बस किस वजह से बेकाबू हुई, उसका पता लगाया जा रहा है।

14 घायल अस्पताल में एडमिट

सीओ (एत्मादपुर सर्किल) अर्चना सिंह ने बताया कि थाना खंदौली इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बस के पलटने की सूचना मिली थी। जिसके बाद थाना खंदौली और थाना एत्मादपुर की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन करते हुए लोगों को बस से बाहर निकाला। हादसे में 14 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया हैं। उन्होंने बताया कि बस में 100 के करीब सवारी बैठी थीं। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई हैं।