US : क्रिसमस परेड के दौरान तेज रफ्तार SUV ने लोगों को रौंदा, 20 से ज्यादा घायल, कुछ की मौत

अमेरिका (America) में विस्कॉन्सिन के वुकेशा शहर में रविवार को क्रिसमस परेड में शामिल लोगों के बीच से एक तेज रफतार SUV गुजर गई। इस हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और कुछ लोगों के मरने की भी खबर हैं। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं, जो अपने परिवार वालों के साथ परेड का हिस्सा बनने आए थे। घायलों को पुलिस ने हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया है। इनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।

वुकेशा के पुलिस चीफ डेनियल थॉम्पसन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि SUV को बरामद कर लिया गया है, लेकिन इसका ड्राइवर अभी फरार है। संदिग्ध की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर हालात अब सामान्य हैं। इस घटना को किस मकसद से अंजाम दिया गया, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।

शहर के मेयर शॉन रेली ने इसे वुकेशा के लिए दर्दनाक घटना बताया है। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद स्कॉट ग्रेगर नाम के व्यक्ति ने मीडिया को बताया कि SUV तेज रफ्तार से परेड के बीच घुसी। गाड़ी से टक्कर लगने पर लोग इधर-उधर गिरने लगे। लोगों को समझ ही नहीं आया कि अचानक क्या हो रहा है। मौके पर अफरातफरी मच गई।