जंग को रोकने के लिए पुतिन की हत्या जरुरी: अमेरिकी सांसद

रूस-यूक्रेन के बीच जंग नौवें दिन भी जारी है। रूस ने यूक्रेन के जेपोरीजिया न्यूक्लियर पावर प्लांट पर कब्जा कर लिया है। यूक्रेन की मीडिया ने इस बात की जानकारी दी है। युद्ध को खत्म करने को लेकर अमेरिकी सांसद के कुछ ऐसा कह दिया है जिससे दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ सकता है। यूएस सांसद लिंडसे ग्राहम का कहना है कि जंग को रोकने के लिए पुतिन की हत्या जरूरी है।

लिंडसे ग्राहम ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हत्या कर देनी चाहिए। इसके बाद ही ये जंग थम सकती है। फॉक्स न्यूज चैनल के एक लाइव कार्यक्रम में दक्षिण कैरोलिना के रिपब्लिकन सांसद लिंडसे ने ये भी कहा कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतिन को जीनियस कहना एक बड़ी गलती थी।

लिंडसे ग्राहम ने कहा, 'इस जंग को खत्म करने का एक ही तरीका है पुतिन की की हत्या। यदि ऐसा किया जाता है तो फिर ये देश और दुनिया के लिए एक महान सेवा होगी। केवल रूस के लोग ही ये काम कर सकते हैं। कहना आसान है करना मुश्किल'।

गौरतलब है कि जो बाइडेन प्रशासन ने गुरुवार को पुतिन के करीबी कुछ लोगों पर नए प्रतिबंधों की घोषणा की है। नई पाबंदियों के तहत पुतिन के प्रेस सचिव दमित्री पेसकोव और रूस के बड़े उद्योगपति अलीशेर बुरहानोविच के साथ ही पुतिन के एक और करीबी पर निशाना साधा गया है।