कोरोना वायरस / इस अमेरिकी कंपनी ने कहा - अगले महीने शुरू करेंगे वैक्सीन का ह्यूमन ट्रायल

दुनियाभर के वैज्ञानिक, शोधकर्ता और कंपनियां इससे कोरोना वायरस के मुकाबले के लिए वैक्‍सीन बनाने में जुटी हुई है। कई देशों का दावा है कि उन्होंने वैक्सीन बना ली है और ट्रायल के अलग-अलग चरणों में पहुंच चुके हैं। उधर अमेरिका की कंपनी जॉनसन एंड जॉनसन ने बुधवार को बताया कि उसकी बनाई कोविड-19 वैक्‍सीन (Covid 19 Vaccine) के अब तक के ट्रायल सफल रहे हैं। अब कंपनी आधी जुलाई गुजरने के साथ ही वैक्‍सीन का ह्यूमन ट्रायल (Human Trial) शुरू कर देगी।

जॉनसन एंड जॉनसन ह्यूमन ट्रायल के लिए पहले तय किए समय से दो महीने तेजी से काम कर रही है। यानी कंपनी ने अब तक का काम काफी तेजी से निपटाया है। कंपनी ने वैक्‍सीन बनाने के लिए अमेरिकी सरकार के साथ पहले ही सौदा कर लिया है। सौदे के मुताबिक, कंपनी वैक्‍सीन की 1 अरब डोज बनाएगी। अमेरिकी कंपनी ह्यूमन ट्रायल के दौरान 18 से 55 साल के 1 हजार 45 लोगों पर वैक्‍सीन का ट्रायल करेगी। इस ट्रायल में 65 साल या ज्‍यादा उम्र के भी कुछ लोग शामिल किए जाएंगे। कंपनी ने बताया कि ह्यूमन ट्रायल अमेरिका और बेल्जियम में किए जाएंगे। अमेरिका की बायोटेक कंपनी मॉडर्ना कोविड-19 वैक्‍सीन मामले में काफी आगे चल रही है। कंपनी 600 मरीजों पर अपनी वैक्‍सीन का ट्रायल शुरू कर चुकी है।
कोरोना वायरस वैक्‍सीन बनाने की होड़ में एस्‍ट्राजेनेका, सनोफी, फाइजर और ग्‍लैक्‍सोस्मिथक्‍लाइन भी शामिल हैं। इनकी बनाई वैक्‍सीन भी ट्रायल के अलग-अलग चरणों में हैं। इस समय दुनियाभर में करीब 10 कोरोना वैक्‍सीन का ह्यूमन ट्रायल चल रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अगले 12 से 18 महीने के भीतर दुनिया को एक सुरक्षित और प्रभावी कोरोना वैक्‍सीन मिल जाएगी। ब्रिटेन की ऑक्‍सफोर्ड यूनिवर्सिटी की कोरोना वैक्‍सीन का पहला ह्यूमन ट्रायल सफल हो चुका है। उसने भारत की सीरम इंस्‍टीट्यूट ऑफ इंडिया के साथ निर्माण समझौता किया है।बता दें कि फिलहाल किसी भी देश के पास कोरोना वायरस का न तो कोई इलाज है और नहीं कोई कारगर दवाई है। उधर कोरोना वायरस से अब तक 73 लाख 63 हजार 503 संक्रमित हो चुके है। वहीं वायरस की वजह से 4 लाख 14 हजार 588 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 36 लाख 34 हजार 302 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पूरी दुनिया अभी कोरोना की चपेट में है। वहीं, कई देशों ने खुद को कोरोनावायरस से मुक्त घोषित कर लिया है। न्यूजीलैंड ने हाल ही में देश में एक भी कोरोना मरीज नहीं होने की पुष्टि की थी। संक्रमण मुक्त होने वाला वह नौवां देश है। इससे पहले वेटिकन सिटी, फिजी और तंजानिया ने भी खुद को संक्रमण मुक्त घोषित कर लिया है। कई देश मई में ही महामारी पर काबू पा चुके हैं। इनमें पापुआ न्यू गिनी, सैंटट किट्स एंड नेविस, तिमोर-लेस्टे, मॉन्टेनेग्रो और सैशल्स शामिल हैं।