UP News: पत्नी ने शराब पीने से रोका तो कुल्हाड़ी से पति ने काट की गर्दन, पुलिस आने तक बैठा रहा लाश के पास

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक शख्स द्वारा अपनी पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं हत्या करने के बाद शख्स पुलिस आने तक शव के पास ही बैठा रहा। मिली जानकारी के अनुसार पति शराब का लती था और इसी बात को लेकर पत्नी के साथ अक्सर झगड़ा होता रहता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी में जुटी है।

मामला हाटा कोतवाली के पड़री गांव के मैनपुरवा टोले का है, जहां बुधवार सुबह करीब तीन बजे शराबी पति रामसिंह ने अपनी ही पत्नी रीता देवी उम्र 38 वर्ष को कमरे में बंद कर कुल्हाड़ी से गला काट कर हत्या कर दी। ग्रामीणों के मुताबिक राम सिंह अक्सर शराब पीकर घर आता था और मंगलवार की शाम को भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा था। रात का खाना खाने के बाद हत्यारे राम सिंह अपने चार बच्चों को दूसरे कमरे में सुला दिया। 80 वर्षीय बुजुर्ग पिता अपने कमरे में सोये हुए थे। राम सिंह पत्नी रीता के साथ अलग कमरे में सोया था। भोर में लगभग तीन बजे के करीब शराबी पति राम सिंह ने अपनी पत्नी रीता देवी (38) की कुल्हाड़ी से गला काट कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह भागा नहीं बल्कि लाश के पास ही बैठा रहा।

सुबह जब बच्चे उठे और कमरे में मां को खून से लथपथ देखकर रोने बिलखने लगे। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग भी पहुंचे तो देखा कि राम सिंह पत्नी के शव के पास बैठा है। जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। जिसके बाद पुलिस ने राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया।