UP News: अयोध्या में DM आवास के बोर्ड का रंग बदलने के मामले में एक्शन, PWD इंजीनियर पर गिरी गाज

अयोध्या के DM आवास के बोर्ड का रंग बदलने के मामले में जिम्मेदारों के खिलाफ शनिवार को एक्शन लिया गया। विवाद के तूल पकड़ने के बाद अब पीडब्ल्यूडी (PWD) के जूनियर इंजीनियर अजय कुमार शुक्ला को सस्पेंड कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि अधिकारियों को संज्ञान में लिए बिना डीएम आवास का बोर्ड बदला गया था। बता दें कि अयोध्या के जिलाधिकारी नीतीश कुमार के सरकारी आवास पर मरम्मत का काम चल रहा था। इस दौरान उनके आवास के बोर्ड का रंग बदलकर हरे से भगवा कर दिया गया था। हालांकि, विवाद के बाद रंग बदलकर फिर से हरा कर दिया गया था। मरम्मत के समय डीएम आवास को अस्थाई तौर पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में शिफ्ट कर दिया गया था। जब जिलाधिकारी से इस बारे में जानकारी मांगी गई थी तो उन्होंने पीडब्लूडी के अधिकारियों से बात करने को कहा था।

पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के द्वारा बताया गया कि उनके बोर्ड का रंग पहले से हरा होता था, इसलिए हरा कर दिया गया। भले ही इस मसले पर डीएम ने सफाई दे दी, मगर अब सवाल यह उठता है कि ऐसे नाजुक वक्त में जब प्रदेश में चुनाव चल रहे हों, अभी दो चरण मतदान के बाकी हैं, ऐसे में डीएम आवास के बोर्ड का रंग बदलना कितना जायज था।

बता दें कि 24 अक्टूबर 2021 को अयोध्या के तत्कालीन जिला अधिकारी अनुज कुमार झा का ट्रांसफर हुआ। उनके स्थानांतरण से पहले ही अयोध्या जिलाधिकारी आवास का नए सिरे से निर्माण शुरू हो गया था। इस कारण डीएम आवास को लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में अस्थाई तौर पर शिफ्ट कर दिया गया। अयोध्या के मौजूदा जिलाधिकारी नीतीश कुमार कार्यभार ग्रहण करने के बाद से इस आवास पर ही रह रहे हैं और यहीं उनका कैंप कार्यालय है। तब जिलाधिकारी के इस आवास के बाहर भगवा रंग का बोर्ड लगाया गया था। इस पर सफेद रंग से जिलाधिकारी आवास लिखा हुआ था।