बरेलीः बिना मास्क के बैंक जाना भारी पड़ा शख्स को, सुरक्षाकर्मी ने मार दी गोली

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक शख्स को बिना मास्क के बैंक जाना भारी पड़ गया। उस शख्स की मास्क को लेकर बैंक के सुरक्षाकर्मी से बहस हो गई। गुस्से में बैंक के गार्ड ने उस शख्स के पैर में गोली मार दी। पीड़ित शख्स रेलवे कर्मचारी है। जबकि आरोपी गार्ड पूर्व फौजी बताया जा रहा है। गोली चलने के बाद बैंक में हडकंप मच गया।

ये घटना बरेली के कोतवाली इलाके की है। जानकारी के मुताबिक सुभाषनगर थाना क्षेत्र निवासी रेलवेकर्मी राजेश किसी काम से बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में गए। शाखा में गुसते समय केशव प्रसाद ने मास्क नहीं लगाया हुआ था इस पर बैंक के सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोक दिया और कोरोना का हवाला देकर मास्क नहीं लगाने पर एतराज किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा शुरू होगा गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक गार्ड की बंदूक से किसी तरह गोली चल गई। गोली सीधी रेलवेकर्मी राजेश के पैर में लगी। गोली चलते ही बैंक में हडकंप मच गया। इसके बाद फौरन घायल राजेश को अस्पताल भिजवाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना का शिकार बने राजेश के परिजनों का आरोप है कि बैंक के गार्ड ने मास्क न लगाने पर राजेश को गोली मार दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के सभी आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए और बैंक के स्टाफ से घटना की जानकारी ली। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षाकर्मी केशव प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया और उसकी लाइसेंसी बंदूक भी जब्त कर ली। हालांकि आरोपी गार्ड केशव जानबूझकर गोली चलाने की बात से इनकार कर रहा है।

बरेली एसएसपी का कहना आरोपी बैंक का प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड है। उसके पास लाइसेंसी बंदूक है। जिससे उसने गोली चलाई। घटना की सभी एंगल से जांच की जा रही है। साथ ही मौके पर मौजूद सभी लोगों का भी बयान दर्ज किया जा रहा है।