उन्नाव पीड़िता के साथ हुई हैवानियत से दुखी महिला ने अपनी 6 साल की बेटी पर फेंका पेट्रोल, इमरजेंसी वार्ड में किया भर्ती

उन्नाव गैंगरेप (Unnao Gangrape) पीड़िता ने दो दिन तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद शुक्रवार देर रात दम तोड़ दिया। उसका दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में निधन हो गया। शनिवार को उसका यहां पोस्टमॉर्टम कराया गया, इसमें एक घंटे का समय लगा। इस दौरान पूरे पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इसके बाद पीड़ित युवती के शव को यहां से उसके पैतृक स्थान उत्तर प्रदेश के उन्नाव रवाना कर दिया गया। बता दें कि रेप के आरोपियों ने गुरुवार सुबह पीड़िता को पेट्रोल डालकर जला दिया था जिसके बाद बृहस्पतिवार शाम लखनऊ से एयर लिफ्ट कर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किया गया था। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि पीड़िता 95% तक गंभीर रूप से जली हुई थी। सफदरजंग अस्पताल में पीड़िता के लिए अलग आईसीयू कक्ष बनाया गया था और डॉक्टरों की एक टीम लगातार निगरानी भी कर रही थी। बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ शलभ कुमार खुद पीड़िता की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे, लेकिन बचाया नहीं जा सका।

एक मां ने अपनी 6 साल की बेटी पर फैंका पेट्रोल

इस घटना के बाद पूरे देश में आक्रोश का माहौल है। शनिवार को पीड़िता के साथ हुई हैवानियत के विरोध में एक महिला ने सफदरजंग अस्पताल के बाहर अपनी 6 साल की बेटी पर पेट्रोल फेंक दिया। बच्ची को इलाज के लिए इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। इस घटना से वहां अफरा-तफरी फैल गई और पुलिस और प्रशासन के बीच हड़कंप मच गया।