उत्तरप्रदेश के गोरखपुर के चकवैदपुरवा गांव में तब सनसनी मच गई जब गोगहरा पुल के नीचे नाले में आज सुबह एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। कई दिन पुराने इस शव को निकालने से पहले बांसगांव व खजनी की पुलिस सीमा निर्धारण में उलझी रही। अंतत: घटना खजनी थानाक्षेत्र की होने के कारण पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ खजनी अजय कुमार मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। नियमानुसार 72 घंटे तक शिनाख्त का प्रयास व परिजनों का इंतजार होगा। इसके बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
शनिवार की सुबह चकवैदपुरवा गांव के लोग टहलने निकले थे। गोगहरा पुल के पास दुर्गंध आने पर उन्होंने आसपास देखा, जिस पर उन्हें एक शव दिखाई पड़ा। कपड़े देखकर उन्होंने शव किसी युवती का होने का अनुमान लगाया। लोगों ने इसकी सूचना बांसगांव पुलिस को दी। बांसगांव पुलिस मौके पर पहुंची तो शव खजनी क्षेत्र में होने की बात कही। इसके बाद खजनी पुलिस भी पहुंच गई और मामला बांसगांव क्षेत्र का बताया। करीब दो-तीन घंटे तक सीमा विवाद के बाद अंतत: मामला खजनी क्षेत्र का तय हुआ, जिसके आधार पर खजनी पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाला। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि शव का अधिकांश हिस्सा सड़ चुका था। शिनाख्त नहीं हो पाई है।