पूरे देश में चल रहा मुस्लिमों का 'लव जिहाद', श्रद्धा हत्याकांड पर केंद्रीय मंत्री का बड़ा बयान

श्रद्धा हत्याकांड को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ‘लव जिहाद’ का नाम दिया है। बिहार के बेगूसराय में गिरिराज सिंह ने कहा कि ‘मुस्लिमों’ का पूरे देश में ‘लव जिहाद’ एक मिशन की तरह चल रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को ठगना, हिंदू लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ जोड़ना उसके बाद या तो उसे छोड़ देना या फिर मौत के घाट उतार देना यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। श्रद्धा के पिता ने भी आज इसे ‘लव जिहाद’ बताया है।

दिल्ली में हुए श्रद्धा हत्याकांड पर गिरिराज सिंह ने कहा कि हिंदू लड़की से प्रेम विवाह कर उसे टुकड़ों में काटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लोग नाम बदलकर, चोला और भेस बदलकर हिंदू लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ कर लेते हैं।

गिरिराज सिंह ने कहा कि मुंबई की लड़की के साथ दिल्ली में जो हुआ वो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लड़की के माता-पिता जिस तरह बता रहे हैं कि मुस्लिम लड़का लिव-इन रिलेशन नहीं बल्कि वैवाहिक रिलेटिव के रूप में उसके साथ रहता था। उसके बाद उसने श्रद्धा के टुकड़े टुकड़े कर दिए।

श्रद्धा हत्याकांड को लेकर देशभर में गुस्सा

गौरतलब है कि दिल्ली में हुए श्रद्धा वाकर हत्याकांड को लेकर देशभर में गुस्सा है। लोग आरोपी आफताब को फांसी की सजा मांग रहे हैं। अफताब ने जिस तरह से श्रद्धा को 35 टुकड़ों में काटकर उसकी हत्या की उससे हर कोई हतप्रभ है। श्रद्धा के पिता ने भी आरोपी आफताब को फांसी दिए जाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जांच में जुटी हुई है और जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है चौकाने वाले खुलासे हो रहे हैं।