गृह मंत्री के बाद अब केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की कोरोना रिपोर्ट आई पॉजिटिव, मेदांता में हुए भर्ती

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 18 लाख 64 हजार 561 हो गई है। अच्छी बात है कि इनमें 12 लाख 35 हजार 857 लोग ठीक हो चुके हैं। 5 लाख 89 हजार 202 लोगों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 39 हजार 57 लोगों की मौत हो गई। इस बीच, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान में भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। उन्‍हें गुरुग्राम के मेदांता अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। ऐसा कहा जा रहा है कि उनके कुछ कर्मचारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जिसके बाद उन्‍होंने खुद को क्‍वारंटाइन कर लिया था। प्रधान बुधवार को कैबिनेट की बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे।

अभी रविवार को ही देश के गृह मंत्री अमित शाह की भी कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उनका भी मेदांता अस्‍पताल में ही इलाज चल रहा है। अमित शाह ने खुद ट्वीट करके अपने संक्रमित होने की जानकारी दी थी।

अमित शाह ने ट्वीट किया था, 'कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है परन्तु डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं। मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आयें हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जाँच करवाएं।'

मृत्यु दर घटकर हुआ 2.10%

बता दे, आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना से होने वाली मृत्यु दर में लगातार गिरावट हो रही है। यह देश के लिए अच्छा संकेत है। उन्होंने बताया कि जून के दूसरे हफ्ते में मृत्यु दर 3.36% था। यह जुलाई के दूसरे हफ्ते में घटकर 2.69% हो गया था। अब अब तक की न्यूनतम दर 2.10% हो गया है। कोरोना से सबसे ज्यादा 68% पुरुषों की मौत हुई है जबकि 32% महिलाओं ने जान गंवाई है। मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण से मरने वाले 50% लोगों की उम्र 60 साल या इससे अधिक थी। 37% मृतकों की उम्र 45 से 60% के बीच थी। इससे साफ है कि संक्रमण का सबसे ज्यादा खतरा 45 साल से अधिक आयु वर्ष के लोगों पर है। इसलिए युवाओं और बच्चों को खुद के साथ इन्हें भी सुरक्षित करना होगा।