गोरखपुर : रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना, चाचा ने बनाया छह साल की मासूम को हवस का शिकार

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के उरूवा इलाके में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना हुई। यहां छह साल की मासूम को उसी के चाचा ने अपनी हवस का शिकार बना डाला। घटना के बाद उसने बच्ची को घर पहुंचाया और फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धारा में केस दर्ज किया गया था। आरोपी के इलाके में आने की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा।

उरूवा थानेदार दुर्गेश कुमार सिंह मुताबिक, घटना छह मई को हुई थी। आरोपी, बच्ची को साइकिल से घुमाने के बहाने खजनी इलाके में स्थित उसके ननिहाल ले गया था। वहां से लौटते समय रास्ते में रुककर उसने ताड़ी पी और नशीली गोली भी खाई। उसके बाद सहुआ गांव में स्थित स्कूल के पास ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद वह बिलखती बच्ची को घर पहुंचा कर फरार हो गया। बच्ची को रोता देख मां ने पूछताछ की तो उसने चाचा की करतूत बताई। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।