रूसी हमले से यूरोप के सबसे बड़े न्यूक्लियर पावर प्लांट में लगी भीषण आग, यूक्रेन का दावा- अगर यह उड़ा तो हो सकता है Chernobyl से 10 गुना बड़ा हादसा

रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग का आज 9वां दिन है। जैसे-जैसे युद्ध आगे बढ़ता जा रहा है हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। ताकतवर रूस लगातार यूक्रेन को तहस-नहस करने में लगा है। दोनों तरफ से भारी जान माल का नुकसान हो रहा है। इस बीच खबर है कि रूसी सेना की गोलीबारी से जिपोजिरिया एटमी प्लांट में आग लग गई है। यूक्रेन के विदेश मंत्री ने कहा कि रूस तुरंत गोलीबारी रोके नहीं तो इसका बड़ा नुकसान होगा। यूक्रेन ने दावा किया है जपोरिजिया न्यूक्लियर प्लांट में रूसी स्ट्राइक की वजह से आग लग गई है। इनरगोडर के मेयर देमित्रो ओरलोव ने कहा कि ये आग टैंको से लगातार की जा रही गोलाबारी की वजह से लगी है।

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने आग लगने के बाद रूसी सैनिकों से यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर हमला बंद करने का आह्वान किया। कुलेबा ने ट्वीट किया, 'अगर यह उड़ा, तो यह चोरनोबिल से 10 गुना बड़ा ब्लास्ट होगा! रूसियों को तुरंत आग बंद करनी चाहिए।'

बता दें कि यूक्रेन में Zaporizhzhia परमाणु ऊर्जा संयंत्र में 6 रिएक्टर हैं, जो पूरे यूरोप में सबसे बड़ा और पृथ्वी पर 9वां सबसे बड़ा रिएक्टर माना जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस वर्तमान में इस पर मोर्टार और आरपीजी से हमला कर रहा है। ऊर्जा केंद्र के कुछ हिस्सों में फिलहाल आग लगी हुई है। रूसियों ने दमकलकर्मियों पर भी फायरिंग की है।