उदयपुर के गोवर्धन विलास थाना इलाके में रविवार को हुए अपहरण की घटना के कुछ ही घंटों में पुलिस ने अपहरणकर्ताओं को धर दबोचा है। गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के रमणी घाटी इलाके में रविवार शाम चार युवकों द्वारा धर्मचंद को चाय की दुकान से अगवा कर लिया गया था। पुलिस को मुखबिर से इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिली। जिसके बाद उदयपुर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी कर अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी।
इस घटनाक्रम के कुछ ही घंटों बाद NH8 पर बने अमरगढ़ होटल पर प्रार्थी धर्मचंद मिला। उसने बताया कि नया खेड़ा के रमेश और उसके साथियों ने आपसी रंजिश के चलते उसे अगवा कर उसके साथ मारपीट की थी। जिसके बाद गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने प्रार्थी धर्मचंद की शिकायत पर भेरूलाल, लक्ष्मण लाल, धनराज और रमेश को गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी डिटेन किया है।