उत्तरप्रदेश : लिफ्ट देने के बहाने किशोरी से किया सामूहिक दुष्कर्म, कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर किया बेहोश

उत्तर प्रदेश से लगातार आ रहे दुष्कर्म के मामले शासन और पुलिस पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करते हैं। दुष्कर्म का एक और मामला मथुरा से सामने आया हैं जिसमें 14 साल की किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़ित किशोरी के पिता ने थाना हाईवे में तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे की तलाश की जा रही है।

घटना चार नवंबर की है। पीड़ित किशोरी के पिता की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार चार नवंबर को किशोरी घर से निकली तो पड़ोस के ही दो युवकों ने लिफ्ट देने के बहाने उसे कार में बैठा लिया। कुछ दूरी पर उन युवकों ने तीसरे साथी को भी कार में बैठा लिया था।

आरोप है कि युवकों ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर किशोरी को पिला दिया। वह जब बेहोश हो गई तो उसके साथ दुष्कर्म किया गया। वारदात के अगले दिन पीड़िता को उसके घर से कुछ दूरी पर छोड़कर आरोपी फरार हो गए। इधर, परिजन किशोरी को ढूंढ रहे थे।

घर पहुंचने पर पीड़ित किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद किशोरी को लेकर उसके पिता थाना हाईवे पहुंचे। उन्होंने आरोपी युवकों के खिलाफ तहरीर दी। थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। तीन में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।