उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक किशोरी के साथ दिल दहला देने वाली घटना हुई जिसमें तमंचे के बल पर किशोरी को अर्धनग्न कर दिया गया और उसका वीडियो बना सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। किशोरी ने इसका विरोध किया तो उसे और उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी गई। तंग आकर किशोरी ने पूरी घटना अपने पिता को बताई। परिवार वालों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कार्रवाई के बजाए पुलिस इस मामले को समझौता कराने में जुटी है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बदमाशों द्वारा जान से मारने की धमकी मिल रही है। जिससे पूरा परिवार सहमा हुआ है। इस बावत कोतवाल नवीन कुमार मिश्र ने अनभिज्ञता जताई है।
सलेमपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की एक किशोरी कुछ दिन पूर्व शाम को घर से शौच करने के लिए निकली थी। आरोप है कि गांव के बगल के दो युवक उसके पीछे लग गए और उसके साथ जबरिया अश्लील हरकत करने लगे। जब वह अश्लील हरकत का विरोध करने लगी तो मनचलों ने तमंचा दिखाकर उसको अर्धनग्न कर धमकी दी और वीडियो बना लिया। किशोरी के परिवार वालों के अनुसार, आरोपियों ने उसे अर्धनग्न वीडियो दिखाकर वायरल करने धमकी दी और अश्लीलता भी करते रहे। यहां तक कि कुछ दिन बाद दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ भी गलत कार्य करने के लिए दबाव बनाने लगे। उनकी बात न मानने पर दोनों ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।परिवार वालों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बदमाशों द्वारा जान से मारने की धमकी मिल रही है। जिससे पूरा परिवार सहमा हुआ है। इस बावत कोतवाल नवीन कुमार मिश्र ने अनभिज्ञता जताई है।