पंजाब : पुलिस को मिली नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी, 11 किलो अफीम के साथ दो नेपाली महिलाएं गिरफ्तार

पंजाब के मोहाली में पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी कारवाई मिली हैं जिसमें 11 किलोग्राम अफीम के साथ दो नेपाली महिलाएं गिरफ्तार की गई हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में एसपी देहाती रवजोत गरेवाल ने यह जानकारी दी। गिरफ्तार हुई महिलाओं में 41 वर्षीय लक्ष्मी और 42 वर्षीय लीला बुद्धा हैं। एसपी ने बताया कि इन महिलाओं से पूछताछ में कई और राज खुलेंगे। आरोपी महिलाओं का कहना था कि उन्हें दिल्ली में एक नेपाली महिला ने उक्त सामान शिमला में डिलीवर करने को कहा था। इसके बदले उन्हें 15-15 हजार रुपये मिलने थे।

जानकारी के मुताबिक, लालडू पुलिस कई दिनों से नशा तस्करों के खिलाफ लगातार ऑपरेशन चला रही है। लालडू पुलिस की तरफ से सरकारी स्मार्ट स्कूल के पास लिंक रोड पर नाका लगाया हुआ था। नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने दो महिलाओं को देखा। दोनों महिलाएं पुलिस को देखकर वहां से खिसकने लगी तो पुलिस ने उन्हें संदेह के आधार पर रोक लिया। इन दोनों महिलाओं ने हाथ में थैले पकड़े हुए थे। पुलिस ने दोनों के थैलों की तलाशी ली तो एक से छह और दूसरे से पांच किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही इन्हें थाने ले गई। जहां पर केस दर्ज करने से लेकर अन्य औपचारिकताएं पूरी की गई।

पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वह भारत में सब्जी लगाने के लिए आई थी। इसी दौरान दिल्ली बस स्टैंड पर उन्हें नेपाली मूल की एक औरत मिली। उसने उनसे नेपाली में बातचीत कर उनका विश्वास जीता। साथ ही कहा कि उक्त सामान शिमला जाकर किसी व्यक्ति को देना है। इसके बदले उन्हें पैसे दिए जाएंगे। वे उसकी बातों में आ गई।