नाइजीरिया: टमाटर की एक टोकरी को लेकर शुरू हुआ झगड़ा, अब तक 20 लोगों की हो चुकी मौत

नाइजीरिया में टमाटर की एक टोकरी की वजह से अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है। हालात ये हैं कि अफ्रीका में सबसे ज्यादा जनसंख्या वाला यह देश अब उत्तर और दक्षिणी इलाके में बंट गया है। दरअसल, बीते महीने एक व्यक्ति टोकरी में टमाटर लेकर दक्षिण-पश्चिमी शहर इबादान के मार्केट जा रहा था। इस बीच, एक्सीडेंट होने से टमाटर रास्ते में फैल गया। इस पर नजदीकी दुकानदारों और कुलियों से उसकी बहस हुई, जो इतनी बढ़ गई कि मारपीट में बदल गई। सोशल मीडिया पर घटना के बारे में बताया गया कि एक कुली की मौत हो गई है। इस पर समुदाय में तनाव फैला और देखते-देखते देश उत्तर के मुस्लिमों और दक्षिण के क्रिश्चियन लोगों में बंट गया।

घटना के महज 4 घंटे बाद इस तनाव ने हिंसक रूप ले लिया। कई इलाकों में मारपीट और दुकानें जलाने की घटनाएं हुईं। इस हिंसा में 20 लोगों की मौत हो गई। हजारों लोगों को भागने पर मजबूर होना पड़ा। इधर, चरवाहों और व्यापारियों के प्रदर्शन ने खाद्य सामग्रियों की सप्लाई रोक रखी है। नाइजीरिया के सबसे बड़े शहर लागोस में मीट उपलब्ध नहीं है। टमाटर की कीमत भी बढ़ गई है जिससे अधिकांश घरों में पारंपरिक जोलोफ राइस (नाइजीरिया का प्रमुख भोजन) नहीं बन पा रहा है। वहीं उत्तर में, जहां सबसे ज्यादा प्याज और टमाटर होता है, ज्यादातर किसानों को अपनी फसल या तो फेंकनी पड़ रही है या वो वैसे ही खेत में पड़ी सड़ रही है।