दिल्ली : दो दोस्तों ने मिलकर पड़ोस में रहने वाली महिला से किया दुष्कर्म, किशोरी के साथ भी गंदी हरकत, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के पांडव नगर इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आ रहा हैं जहां दो दोस्तों ने मिलकर पड़ोस में रहने वाली महिला के साथ दुष्कर्म किया और किशोरी से भी दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िताओं ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने महिला और बच्ची का मेडिकल करवाने के बाद इस बाबत मामला दर्ज कर लिया। पीड़िताओं की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवल और नागेंद्र के रूप में हुई है। नागेंद्र का मयूर विहार इलाके में फार्म हाउस है। जबकि पीड़िता यमुना खादर में रहती है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 नवंबर की रात वह घर में अकेली थी। उसके पति किसी काम से बाहर गए थे। उसने अपने पड़ोस में रहने वाली 12 साल की बच्ची को अपने पास बुला लिया था। इसी दौरान दोनों आरोपी उसके घर में जबरदस्ती घुस गए। नागेंद्र ने बछड़ा बांधने का बहाना कर किशोरी को घर से बाहर ले गया। जबकि नवल ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। उसके बाद नवल वहां से फरार हो गया। जब वह बाहर आई तो देखा कि नागेंद्र बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास कर रहा है। उसने शोर मचा दिया। पकड़े जाने के डर से आरोपी वहां से फरार हो गया।