पंजाब : जमीन विवाद में भाइयों के बीच चली गोलियां, छोटे ने बड़े और चचेरे भाई को बनाया निशाना, दोनों गंभीर

पंजाब के लुधियाना के गांव जांगपुर में आज रविवार को जमीनी विवाद में गोलियां चलते देखने को मिली जिसमें छोटे भाई ने बड़े और चचेरे भाई पर हमला बोला। इस हमले में दोनों भाई अस्पताल में भर्ती हैं और इलाज जारी हैं। हमला करने वाले छोटे भाई की पहचान शेर सिंह के रूप में हुई जिसने अपने बड़े भाई अमरीक सिंह और चचेरे भाई हाकम सिंह पर हमला किया। गोली लगने से अमरीक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि हाकम सिंह पर सीधा फायर किया जो उसके गाल और कान को छू कर निकल गया। थाना दाखा के प्रभारी जगजीत सिंह ने बताया कि दोनों घायलों को लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फिलहाल दोनों खतरे से बाहर हैं।

जानकारी के मुताबिक अमरीक सिंह सुबह गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गया था। भाई होने के कारण शेर सिंह को अमरीक की रोजाना की गतिविधि के बारे में पूरी जानकारी थी। अमरीक जब गुरुद्वारा साहिब से माथा टेकने के उपरांत वापस जा रहा था तो रास्ते में घात लगाकर इंतज़ार कर रहे शेर सिंह ने उसके घर के अंदर दाखिल होने से पहले ही पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। अमरीक सिंह को मरा हुआ समझ शेर सिंह अपने चचेरे भाई हाकम सिंह को मारने के लिए खेतों की तरफ चला गया और हमला किया। हाकम सिंह ने घायल होने के बावजूद दिलेरी से काम लिया और शेर सिंह पर टूट पड़ा। इस दौरान शेर सिंह के हाथ से पिस्तौल भी गिर गई। हाकम ने शेर सिंह को मजबूती से पकड़ लिया। तब तक कुछ अन्य ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। दाखा पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा है।