हिमाचल : वन और पुलिस विभाग की संयुक्त कारवाई, जंगली जीवों के अंगों के साथ गिरफ्तार हुए दो आरोपी

हिमाचल प्रदेश के सोलन में वन और पुलिस विभाग की संयुक्त कारवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया हैं जिनसे जंगली जीवों के अंग भी बरामद किए गए हैं। संयुक्त टीम ने बंगाला कॉलोनी में दबिश दी और कॉलोनी में रह रहे तीन लोगों के पास से सांप, तोते और अन्य वन्य जीवों के अंग मिले हैं। डीएफओ यशुदीप ने कहा कि इनके कब्जे से तेंदुए को पकड़ने वाली कड़ाकी और जाल भी बरामद किया है। जिंदा जीवों को कब्जे में ले लिया है। सांप और तोते को अदालत में पेश करने के बाद उन्हें वापस जंगल में रिलीज करने के लिए आवेदन किया जाएगा। वहीं, डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने दो लोग विजय व काकू को गिरफ्तार किया है। उन्हें कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

वन और पुलिस विभाग की टीम ने सभी जिंदा जीव और वन्य प्राणी के अंगों को कब्जे में लिया। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सांप-तोते को न्यायालय में पेश कर वापस जंगल में छोड़ने के लिए आवेदन किया जाएगा। मंजूरी मिलते ही सभी जीवों को जंगल में छोड़ दिया जाएगा। वाइल्ड लाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो की सूचना पर वन विभाग के डीएफओ और नालागढ़ पुलिस ने बंगाला कॉलोनी में दबिश दी।

यहां पर टीम ने विभिन्न प्रजाति के 22 सांप, दो तोते व वन्य जीवों के अंग बरामद किए। इनमें हात्थाजोड़ी, तेंदुए के नाखून, सांबर के सींग, गोह के पंजे, सांप के सिर, गीदड़ सिंगी और सीपियां बरामद की हैं। इससे साबित होता है कि ये लोग वन्य जीवों की हत्या करने के बाद उनके अंग अपने पास रखते थे जिसकी वह तस्करी करते हैं।