शनिवार सुबह जोधपुर-जयपुर सड़क मार्ग पर ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में सवारियों से भरी बस को टक्कर मार दी जिसमें 10 यात्री घायल हुए हैं। हादसा भावी और कापरड़ा के बीच हुआ। घायलों में से चार की स्थिति गंभीर है। इन चारों को इलाज के लिए जोधपुर लाया गया है।
जोधपुर से भीलवाड़ा के लिए शनिवार सुबह छह बजे एक बस कुछ सवारियों को लेकर रवाना हुई। करीब सवा सात बजे 36 मील के निकट ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रहे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर से बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और यात्री अंदर फंस गए। वे मदद के लिए चिल्लाने लगे। क्षेत्र के कुछ लोग और वहां से निकल रहे वाहन चालकों ने अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बिलाड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।बस के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के चलते ड्राइवर अंदर ही फंसा रह गया। उसे बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। वहीं जोधपुर से जैतारण जा रही एक महिला के भी गंभीर चोट आई। जबकि दो अन्य यात्री भी गंभीर रूप से घायल हो गए। चार गंभीर घायलों को इलाज के लिए जोधपुर लाया गया। वहीं कम चोट लगने वाले अन्य घायलों को बिलाड़ा भेजा गया।