हॉकी में भारत को मिला ब्रॉन्ज तो CM योगी बोले - 5 अगस्त की ऐतिहासिक तिथि को एक इतिहास और बन गया...

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 41 साल बाद ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता। टीम इंडिया ने जर्मनी को 5-4 से हरा दिया है। 41 साल बाद मिली इस ऐतिहासिक जीत पर उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ (Yogi Adityanath) ने खिलाड़ियों को अलग अंदाज में बधाई दी है। उन्‍होंने 05 अगस्‍त को भारत को मिली इस ऐतिहासिक जीत को दो साल पहले धारा-370 खत्‍म कर जम्‍मू-कश्‍मीर का विशेष राज्‍य का दर्जा खत्‍म किए जाने और पिछले साल आज ही के दिन अयोध्‍या में श्री राम जन्‍मभूमि पर राममंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन से जोड़ते अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा- आज 05 अगस्त की ऐतिहासिक तिथि को एक इतिहास और बन गया...। 'टीम इंडिया', जय हिन्द!

इससे पहले उन्होंने टीम को बधाई देते हुए कहा, 'आज टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीता है। आज की सफलता ने भारतीय हॉकी के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय को जोड़ा है। ‘टीम इंडिया’ की इस अविस्मरणीय उपलब्धि पर पूरे देश को गर्व है। हार्दिक बधाई ‘टीम इंडिया’।'

बता दे, आज सीएम योगी राममंदिर निर्माण के लिए भूमिपूजन की पहली वर्षगांठ पर अयोध्‍या जा रहे हैं। वह वहां श्री रामलला की भव्‍य आरती करेंगे। सीएम ने आज सुबह भूमिपूजन की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्‍य में प्रदेश और देश की जनता को बधाई भी दी।