TMC विधायक तमोनाश घोष का हुआ निधन, चल रहा था कोरोना का इलाज

पश्चिम बंगाल (West Bengal) में सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस पार्टी के विधायक तमोनाश घोष (Tamonash Ghosh) का बुधवार को निधन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय विधायक मई महीने के आखिर में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनका कोविड-19 का इलाज चल रहा था। उनकी बुधवार को अस्पताल में ही मौत हो गई। वो पार्टी में पिछले 35 सालों से थे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनके निधन पर शोक जताया है। ममता बनर्जी ने ट्वीट कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा- 'बहुत दुखी हूं। साल 1998 से पार्टी के कोषाध्यक्ष और तीन बार विधायक रहे तमोनाश घोष आज हमे छोड़ गए। वह 35 वर्षों तक हमारे साथ रहे। वह पार्टी और जनता के प्रति बहुत ही समर्पित थे। उन्होंने सामाजिक कार्यों में बहुत योगदान दिया।'

मुख्यमंत्री ने कहा- 'उनके जाने से जो शून्य उभरा है, उसे भरना मुश्किल है। हम सभी उनके चाहने वालों, पत्नी झरना, दो बेटियों और दोस्तों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट करते हैं।'

बता दें पश्चिम बंगाल में मंगलवार को कोरोना की वजह से 11 लोगों की मौत हो गई, जिससे इस बीमारी के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 580 पहुंच गई, जबकि संक्रमण के 370 नये मामले सामने आने से राज्य में संक्रमितों की संख्या 14,728 पहुंच गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। उसमें कहा गया कि मरने वाले 11 में से नौ मरीजों को अन्य कई बीमारियां थी।