अमेरिकी हिंसा में प्रदर्शनकारी के हाथ में नजर आया तिरंगा, वरुण गांधी व प्रियंका चतुर्वेदी ने जताया ऐतराज

अमेरिका में ट्रंप समर्थकों की तरफ से हिंसक प्रदर्शन किया गया और अमेरिकी संसद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। प्रदर्शन के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडियो में तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक अज्ञात प्रदर्शनकारी तिरंगा लहराता नजर आया, जबकि अन्य के हाथों में अमेरिकी ध्वज थे। इसपर भाजपा नेता वरुण गांधी व शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कड़ा एतराज जताया। हालांकि तिरंगा लहराने वाला भारतीय था या अमेरिकी यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ हैै। उसकी पहचान व क्या वह किसी राजनीतिक दल का सदस्य है, यह अभी पता नहीं चला है।
वरुण गांधी ने उठाया सवाल

भाजपा नेता वरुण गांधी ने अमेरिका में प्रदर्शन के दौरान तिरंगा दिखने पर एतराज किया और यह कृत्य करने वाले व्यक्ति की ट्विटर के जरिए आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘वहां भारतीय ध्वज तिरंगा क्यों लहराया गया? यह ऐसी लड़ाई है, जिसमें हमें निश्चित रूप से शामिल होने की जरूरत नहीं है।‘प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा-शर्म आना चाहिए

उधर, शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी एतराज जताया और ट्वीट किया, ‘ जो भी तिरंगा लहरा रहा है, उसे शर्म आना चाहिए। हमारे तिरंगे का इस्तेमाल किसी दूसरे देश में ऐसे हिंसक व आपराधिक कृत्य में मत करिये।‘