उज्जैन : आज से बदला गया महाकाल की आरतियों का समय, शयन व भस्म आरती होगी उसी समय

आज 21 अक्टूबर से कार्तिक माह की शुरुआत हो चुकी हैं और आज से ही सर्दी का मौसम शुरू होने के बाद बाबा महाकाल की दिनचर्या में भी परिवर्तन होता है। आज से महाकाल की आरतियों का समय बदल गया हैं। यह व्यवस्था कार्तिक कृष्ण प्रतिपदा से फाल्गुन पूर्णिमा तक रहेगी। महाकाल की रोजाना सुबह से शाम तक छह आरती होती हैं। इसमें दो आरती भस्म आरती व शयन आरती के समय में बदलाव नहीं किया जाएगा, जबकि शेष चार आरती के समय में बदलाव किया जाएगा।

श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिवर्ष भगवान महाकाल की दिनचर्या में दो बार बदलाव होता है। मंदिर के पुजारी महेश पुजारी ने बताया कि ठंड का मौसम शुरू होने पर कार्तिक माह व गर्मी का मौसम शुरू होने पर फाल्गुन मास में मंदिर में होने वाली बाबा महाकाल की आरतियों का समय बदलता है। वहीं, भगवान को स्नान कराने की प्रक्रिया भी बदल जाती है। रूप चौदस से भगवान को गर्म जल से स्नान कराया जाता है। गर्मी व वर्षा ऋतु में मंदिर में होने वाली सुबह की दो आरती जल्दी व शाम की आरती देर से होती है।

आज से यह रहेगा आरती का समय

प्रथम आरती भस्म आरती - प्रातः 4 से 6 बजे तक
द्वितीय आरती दद्योदक - प्रातः 7.30 से 8.15 बजे तक
तृतीय भोग आरती- प्रातः 10.30 से 11.15 बजे तक
चतुर्थ संध्याकालीन पूजन- सायं 5 से 5.45 बजे तक
पंचम संध्या आरती- सायं 6.30 से 7.15 बजे तक
शयन आरती- रात्रि 10.30 से 11 बजे तक