बिहार : तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे बैठी 6 महिलाओं को रौंदा, 3 की मौत

बिहार के औरंगाबाद में एक दर्दनाक हादसा देखने को मिला जिसमें तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे बैठी 6 महिलाओं को रौंद डाला जिसमें 3 की मौत हो गई जबकि 3 की हालत गंभीर बताई जा रही हैं। घटना मुफसिल थाना क्षेत्र के लखनीखाप मोड़ की है। मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोगों ने NH-139 जाम कर दिया है। घटना से आक्रोशित परिजनो और आसपास के ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया है और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। आक्रोशित लोग जमकर बवाल मचा रहे हैं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है, जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष मौके पर पहुंच जाम छुडाने की कोशिश करने मे जुटे हैं, मगर परिजनों ने बड़े अधिकारियों को घटनास्थल पर लाने की जिद पकड़ ली है।

लोगों ने बताया कि सभी महिलाएं खेत में काम करने के बाद सड़क किनारे सुस्ता रही थीं। इसी दौरान औरंगाबाद-पटना हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो 6 महिलाओं को रौंदते हुए निकल गई। दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ गई। उन्होंने बताया कि गाड़ी की स्पीड इतनी तेज थी कि मृतकों की बॉडी करीब 50 फीट तक उछाल खाते हुए जमीन पर गिरी थी। लोगों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया।

मृतकों की पहचान कठौतिया निवासी रामाधार पासवान की पत्नी मुन्नी देवी (40 साल), विजय पासवान की पत्नी राममुन्नी देवी (35 साल) और बेटी ज्योति कुमारी (8 साल) के रूप में की गई है। हादसे में उर्मिला देवी, रीता और रुक्मिणी देवी गंभीर हो गई। तीनों का सदर अस्पताल औरंगाबाद में इलाज चल रहा है।