अफगानिस्तान : गोली मारकर की गई तीन महिला मीडियाकर्मियों की हत्या, भारतीय नाटकों को करती थी डब

मंगलवार को पूर्वी अफगानिस्तान में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया जहां सरेआम तीन महिला मीडियाकर्मियों की दो अलग-अलग घटनाओं में गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीनों महिलाएं एक स्थानीय रेडियो और टीवी स्टेशन के लिए काम करती थीं। ये महिलाएं भारत और तुर्की के लोकप्रिय नाटकों को अफगानिस्तान की स्थानीय भाषा डारी और पश्तु में डब करती थीं। अफगानिस्तान में पहले भी मीडियाकर्मियों पर हमले होते आए हैं। अफगानिस्तान दुनिया में पत्रकारों के लिए एक खतरनाक मुल्क माना जाता है। इन तीन हत्याओं के साथ ही अफगानिस्तान में पिछले छह महीने में 15 मीडियाकर्मियों की हत्या है चुकी है।

जलालाबाद में एनिकास रेडियो और टीवी के शोकरुल्ला पसून ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुरसल वाहिदी नाम की महिला पत्रकार घर में टहल रही थी, जब बंदूकधारियों ने उस पर गोलियां चलाईं। वहीं दो अन्य महिला पत्रकार शहनाज और सदिया काम के बाद घर लौट रही थीं, तब उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हमले में दो लोग घायल भी हुए हैं। इन घटनाओं की अभी तक किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है।