कसोल : कैफे में चल रही थी रेव पार्टी, पुलिस ने दबिश देकर तीन को किया गिरफ्तार

हिमाचल का कसोल पर्यटन के लिए जाना जाता हैं। हांलाकि कोरोना के इस समय में कई नियमों के चलते लोग कम ही पर्यटन के लिए जा रहे हैं। कसोल में नाइट कर्फ्यू के बावजूद रेव पार्टी चल रही थी जहां शनिवार देर रात पुलिस ने दबिश दी और पार्टी आयोजित करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें विदेशी पर्यटकों सहित करीब 150 लोग डीजे पर नाच रहे थे। डीजे का सामान भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार शनिवार को पुलिस एक टीम कुल्लू, भुंतर, जरी और कसोल की तरफ गश्त पर थी। देर रात करीब सवा एक बजे छलाल गांव में एक कैफे में डीजे बजने की आवाज सुनी। पुलिस उस कैफे में पहुंची तो देखा कि विदेशी सैलानियों सहित करीब 150 महिला और पुरुष डीजे पर नाच रहे थे। पुलिस को देखते ही हड़कंप मच गया और कुछ लोग भाग गए।

इसके बाद पुलिस ने डीजे बजाने वाले ऋषभ भदौला (25), पुत्र विनोद भदौला, निवासी आदर्श गांव ऋषिकेश (उत्तराखंड), दिनेश कुमार उर्फ ओमी (33) पुत्र चेत राम निवासी गांव चौहकी, डाकघर जरी, तहसील भुंतर (कुल्लू), अंकुर पारिक (34) पुत्र भगत सरण वोहरा निवासी एस डलब्यू-40 स्वामी बाग, दयाल बाग आगरा (उत्तर प्रदेश) को 150 लोगों की भीड़ एकत्रित करने और कोरोना नियमों का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार किया। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पार्टी से डीजे सामान, जिसमें दो बॉक्स, एक लैपटॉप, कंट्रोलर, मिक्सर आदि सीज किया गया है।