अमेरिका : नस्लीय भेदभाव के खिलाफ सड़क पर उतरे हजारों लोग, लगातार बढ़ रहे हिंसा के मामले

अमेरिका में नस्लीय भेदभाव को लेकर लगातार मामले सामने आते रहते हैं जिसको लेकर कई बार लोगों में आक्रोश पनपता ही हैं। बीते दिनों 16 मार्च को अटलांटा में आठ लोगों की हत्या कर दी गई थी, इनमें से छह एशिायाई मूल की महिला थीं। इसके बाद लगातार कई घटनाएं हुईं। इन अपराधों के खिलाफ शिकागो और न्यूयॉर्क में हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया। शिकागो के चाइना टाउन स्क्वॉयर में नस्लीय भेदभाव और अपराधों के खिलाफ हजारों लोग सड़क पर आ गए।

न्यूयॉर्क में भी नस्लीय हिंसा के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में 25 राज्यों के 60 से ज्यादा शहरों के लोगों का प्रतिनिधित्व था। न्यूयॉर्क में ताजा नस्ली हिंसा के बाद अब तक दस से ज्यादा रैलियां आयोजित की जा चुकी हैं। इन सभी के हाथों में 'स्टॉप एशियन हेट', 'जीरो टॉलरेंस फॉर रेसिज्म' लिखे नारों की तख्तियां लगी हुई थीं। प्रदर्शनकारियों के बीच स्थानीय अधिकारी और पुलिस प्रमुख भी साथ में थे और वे लोगों को घृणा अपराध प्रभावी रूप से रोकने का आश्वासन दे रहे थे। अमेरिकी पुलिस पर समय-समय पर अश्वेतों को बेवजह निशाना बनाने के आरोप लगते रहते हैं। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग सुरक्षा बढ़ाना, नस्ली हिंसा के अपराधों की शिकायत के लिए अलग से वेबसाइट, हिंसा पीड़ित के लिए फंड बनाना, मामलों पर तत्काल कार्रवाई करना थीं।