सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब में गैंगवार की आशंका, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और दविंदर बंबीहा गैंग आमने-सामने

मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की मानसा में रविवार को शाम साढ़े 5 बजे गोलियां दागकर हत्या कर दी गई। कत्ल की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। विश्नोई गैंग और उनके साथी कनाडा के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने कहा कि हमने मोहाली में कत्ल किए विक्की मिड्‌डूखेड़ा की हत्या का बदला लिया है जिसके बाद गैंगस्टर दविंदर बंबीहा ग्रुप भी सामने आ गया है। बंबीहा ग्रुप ने इसका बदला लेने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि मूसेवाला उनसे नहीं जुड़ा था। फिर भी उसका नाम हमारे साथ जोड़ा जा रहा है। इसलिए वह इसका बदला लेंगे। इसके बाद पंजाब में गैंगवार की आशंका बढ़ गई है।

जेलों में दोनों के गैंगस्टर अलग किए गए

इस धमकी को देखते हुए पंजाब की जेलों में विश्नोई गैंग के बंदियों को अलग कर दिया गया है। जहां-जहां इस गैंग के मेंबर हैं, वहां सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। बंबीहा गैंग के मेंबर भी जेलों में बंद हैं। जिन्हें भी अलग कर दिया गया है। दोनों गैंग आपस में न भिड़ें, इसको लेकर सभी जेलों में हाई अलर्ट कर दिया गया है।

पंजाब पुलिस ने SIT बनाई

पंजाब पुलिस ने मूसेवाला की हत्या की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बना दी है। जिसमें मानसा के SP(इन्वेस्टिगेशन) धर्मवीर सिंह, DSP (इनवेस्टिगेशन) बठिंडा विश्वजीत सिंह और मानसा के CIA इंचार्ज प्रिथीपाल सिंह शामिल हैं।

शव का आज होगा पोस्टमार्टम

11 जून 1993 को मानसा के गांव मूसेवाला में पूर्व सैन्यकर्मी के घर जन्मे गायक का पूरा नाम शुभदीप सिंह सिद्धू है। शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला सिर्फ 28 साल के थे। 11 जून को उनका जन्मदिन आने वाला था। सिद्धू मूसेवाला के शव का आज पोस्टमार्टम होगा। इसके लिए परिवार की सहमति का इंतजार किया जा रहा है। इसके लिए मानसा में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पंजाब पुलिस के बठिंडा रेंज के IG पीके यादव, मानसा SSP गौरव तूरा और बठिंडा के SSP जे। एलेनचेजियन को मानसा में ही कैंप करवा दिया गया है।