सिर्फ 11 मिनट तक हुआ रेप... कहकर जज ने कम कर दी आरोपी की सजा, फैसले के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग

स्विटजरलैंड में रेप पर दिए एक जज के फैसले के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए है। दरअसल, पिछले साल हुए एक रेप केस की सुनवाई करते हुए जज ने आरोपी की सजा ये कहते हुए कम कर दी कि उसने महिला से सिर्फ 11 मिनट तक रेप किया। जज के इसी फैसले के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए हैं और जज से फैसला वापस लेने की मांग कर रहे हैं।

डेली मेल की खबर के मुताबिक, मामला 20 जून 2020 का है। बेसल में रहने वाली 33 साल की महिला का आरोप था कि उसके घर के बाहर दो पुर्तगालियों ने अटैक किया और उसे बंधक बनाकर रेप किया। आरोपियों में एक की उम्र 17 साल है और दूसरा 32 साल का बताया गया है। मामले पर फैसला सुनाते हुए महिला जज ने कहा कि सिर्फ 11 मिनट कर रेप हुआ। ये अपेक्षाकृत कम अवधि थी। इसलिए 32 साल के दोषी की सजा 51 महीने से घटाकर 36 महीने कर दी गई है। हालाकि, नाबालिग को फिलहाल कोर्ट ने सजा नहीं सुनाई है। जज के इस फैसले के विरोध में अब लोग सड़कों पर उतर आए है।

यही नहीं, जज ने कहा कि पीड़िता ने आरोपियों को सिग्नल भेजे होंगे। इसलिए आरोपियों की हिम्मत बढ़ी होगी। जज ने कहा कि ये बहुत मामूली गलती है।

बताया जा रहा है कि पीड़िता दोनों दोषियों से एक नाइट क्लब में मिली थी। जज ने कहा कि ये महिला आरोपियों से पहले नाइटक्लब में मिली थी और टॉयलेट जाते समय उसने इन्हें एक सिग्नल दिया था।

महिला जज के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन करने वाली ज्यादातर महिलाएं है। उन्होंने इस दौरान 11 मिनट का मौन रखा। महिलाएं '11 मिनट बहुत ज्यादा होते हैं' लिखे बैनर के साथ प्रदर्शन कर रही थीं।