नई दिल्ली। रसोई गैस की कीमत में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं नैचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ये जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि एलपीजी की कीमत में बढ़ोतरी उज्ज्वला और आम उपभोक्ताओं दोनों के लिए होगी। यानी अब गैस सिलेंडर के लिए 803 रुपए की बजाय 853 रुपए देने होंगे। वहीं उज्जवला योजना वाला सिलेंडर लेने के लिए 550 रुपए चुकाने होंगे।
सरकार ने एक साल के बाद के बाद घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव किया है। आखिरी बार गैस सिलेंडर की कीमत में 9 मार्च 2024 को बदलाव किया गया था। तब सरकार ने गैस सिलेंडर की कीमत में 100 रुपए की कटौती की थी। खास बात तो ये है कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में मार्च 2023 के बाद इजाफा हुआ है। तब भी गैस सिलेंडर के दाम 50 रुपए का इजाफा किया गया था।
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, 'एलपीजी के प्रति सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की वृद्धि होगी। 500 से यह 550 (पीएमयूवाई लाभार्थियों के लिए) हो जाएगी और अन्य के लिए यह 803 रुपये से बढ़कर 853 रुपये हो जाएगी। यह एक ऐसा कदम है जिसकी हम आगे बढ़ने के साथ समीक्षा करेंगे। हम हर 2-3 सप्ताह में इसकी समीक्षा करते हैं। इसलिए, आपने जो उत्पाद शुल्क में वृद्धि देखी है, उसका बोझ पेट्रोल और डीजल पर उपभोक्ताओं पर नहीं पड़ेगा। उस उत्पाद शुल्क वृद्धि का उद्देश्य तेल विपणन कंपनियों को 43,000 करोड़ रुपये की भरपाई करना है, जो उन्हें गैस के हिस्से पर हुए नुकसान के रूप में हुआ है।'
घटे थे कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामहाल ही में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी गैस के दाम घटाए थे। देश की राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 41 रुपये की बड़ी कटौती की गई थी। इसके बाद दिल्ली में 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 1762 रुपये हो गई थी। नई कीमतें 1 अप्रैल, 2025 से लागू कर दी गई थीं। इससे पहले दिल्ली में 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 1803 रुपए थी।
हालांकि इस बार रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ेगा।