बुधवार देर रात शहर से सटे बोरानाडा औद्योगिक क्षेत्र में एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री धधक उठी। लकड़ी के तैयार उत्पाद और कच्चे माल के कारण आग बहुत तेजी से फैली और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। करीब दस दमकलों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने तक लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी जय सिंह चौहान ने बताया कि देर रात बोरानाडा की एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। इस पर वहीं से दो दमकलों को मौके पर भेजा गया। आग की विकरालता को देखते हुए शास्त्री व बासनी से भी अन्य दमकलों को वहां बुलाया गया। आग लगने के कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। लेकिन फिलहाल यह माना जा रहा है कि बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण निकली चिंगारी से वहां रखे लकड़ी के बुरादे में आग लग गई। इससे आग तेजी से फैलना शुरू हो गई। लकड़ी के उत्पादों पर पॉलिश करने में काम लिए जाने वाले रसायनों को ड्रम तक आग पहुंचने के बाद यह बहुत तेजी से फैली और इसने पूरी फैक्ट्री को अपने चपेट में ले लिया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।