उत्तरप्रदेश : किशोरी ने किया छेड़छाड़ का विरोध तो कर डाली हत्या, शव को बक्से में छिपाकर हुआ फरार

उत्तरप्रदेश के सुल्तानपुर में बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां किशोरी ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो गांव के एक युवक ने किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बक्से में छिपाकर फरार हो गया। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। एसपी डॉ विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी सत्यनारायण अविवाहित था। वह पटीदार की नाबालिग पुत्री पर बुरी नजर रखता था। छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसने किशोरी की हत्या कर दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसने हत्या की बात कुबूल की है।

गांव निवासी सत्यनारायण कोरी (38) पुत्र स्व। रामजियावन रिश्ते में अपनी भतीजी शालू (14) पुत्री महादेव कोरी पर बुरी नजर रखता था। वह पूर्व में किशोरी से कई बार छेड़छाड़ कर चुका था। मंगलवार को दोपहर बाद उसने शालू को घर में अकेली पाकर उसके साथ जोर जबरदस्ती शुरू कर दी। किशोरी के विरोध करने पर उसने साड़ी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वह शव को बक्से में छिपाकर फरार हो गया। शाम तक किशोरी के नहीं मिलने पर परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस बीच उसका शव घर के अंदर एक बक्से में पाया गया। गांव में सत्यनारायण के नहीं मिलने परिवारीजनों का शक उस पर गहरा गया। रात करीब नौ बजे सूचना पर पहुंची पुलिस ने सत्यनारायण की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया।