गोरखपुर : दो युवकों ने बारी-बारी से किया किशोरी के साथ दुष्कर्म, दी जान से मारने की धमकी

गोरखपुर के संतकबीरनगर जिले में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया जिसमें दो युवकों ने बारी-बारी से किया किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप लगाते हुए बुधवार की शाम को पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज किया। महिला आरक्षी की देखरेख में पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जबकि एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओ को निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे। एसओ अनिल कुमार दुबे ने बताया कि आरोपी विनय और राहुल के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और जानमाल की धमकी का केस दर्ज कर लिया गया है।

15 वर्षीय किशोरी का आरोप है कि नौ मार्च को दिन में तीन बजे उसके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले पड़ोस के युवक ने अपनी पत्नी से बात कराने की बात कही। किशोरी मोबाइल लेकर पड़ोस की महिला के घर गई। आरोप है कि महिला अपने घर पर मौजूद नहीं थी। उस महिला के घर पर गांव के रहने वाले दो युवक मौजूद थे। दोनों युवकों ने किशोरी को पकड़ लिया और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी किसी को देने पर उसे जान से मार देने की धमकी दी।

इधर, दस मार्च को महिला ने अपने घर से दस हजार रुपये चोरी हो जाने का आरोप पीड़ित किशोरी पर मढ़ दिया। महिला के समर्थन में आरोपी युवकों के परिजन आ गए और किशोरी के परिजनों से मारपीट की। पीड़ित किशोरी के पिता ने घटना की सूचना 112 नंबर पर दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को थाने ले गई। वैसे इस प्रकरण में किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी। इसी वजह से पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इधर, बुधवार को पीड़ित किशोरी ने अपने परिजनों को आपबीती बताई। उसके बाद परिजन किशोरी को लेकर थाने पहुंच गए और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।