उत्तरप्रदेश : सातवीं की छात्रा ने लगाए इंचार्ज प्रधानाध्यापक पर अश्लीलता के आरोप, खंड शिक्षा अधिकारी ने की जांच

उत्तरप्रदेश के कन्नौज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया हैं जहां सातवीं की छात्रा ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक पर अश्लीलता के आरोप लगाए हैं। मामला सौरिख इलाके का हैं। परिजनों की शिकायत पर खंड शिक्षा अधिकारी ने जांच कर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट बीएसए को भेजी है। वहीं इंचार्ज प्रधानाध्यापक का कहना है कि आरोप निराधार हैं। 16 अगस्त से मुझे डेंगू था। कानपुर में भर्ती हूं। इससे पूर्व मेरी साजिश के तहत एक मार्च को भी शिकायत हुई थी। बीएसए ने विद्यालय का निरीक्षण किया था। अभी भी मुझे फंसाया जा रहा है।
इलाके के एक गांव में संचालित कंपोजिट विद्यालय में कक्षा सात की छात्रा ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक पर अश्लीलता का आरोप लगाते हुए परिजन को जानकारी दी। परिजनों ने प्रधान और बीईओ को मामला बताया। बीईओ राजेश कुमार ने विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं से मामले की जानकारी ली। प्रथम दृष्टया शिकायत सही मिलने पर बीईओ ने बच्चों के बयानों के आधार पर कार्रवाई की संस्तुति बीएसए से की है। बीएसए केके ओझा का कहना है कि उन्हें बीईओ ने मौखिक जानकारी दी है। इंचार्ज प्रधानाध्यापक को बीईओ की रिपोर्ट के आधार पर निलंबित किया जाएगा।