तालिबानी लड़ाकों ने अमेरिकी सेना के जहाजों को बनाया झूला, चीन ने शेयर किया वीडियो

अमेरिकी सैनिकों को अफगानिस्तान से निकले 10 दिन से ज्यादा हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का सैनिकों को अफगानिस्तान से निकालने का फैसले पर पूरी दुनिया में सवाल उठ रहे है। वहीं, चीन अमेरिका के इस फैसले का मजाक उड़ा रहा है। दरअसल, चीनी सरकार के एक अधिकारी ने सोशल मीडिया पर करीब 50 सकेंड का वीडियो शेयर किया है, जहां अमेरिकी सेना के जहाज़ों का इस्तेमाल तालिबान के लड़ाके मौज मस्ती के लिए कर रहे हैं। हालांकि इस वीडियो के बारे में उन्होंने ये नहीं बताया है कि ये कब का है।

इस वीडियो में देखा जा सकता है कि अमेरिका के कई जंगी जहाज तंग हालात में खड़े हैं। इन्हीं जहाजों के पंखों में रस्सी बांध कर तालिबानी लड़ाके झूला झूल रहे है। वीडियो में तीन-चार तालिबानी लड़ाके झूला झूलते दिख रहे हैं। साथ ही हंसी ठहाके की आवाज़ें भी आ रही है। अमेरिकी सैनिकों के जाने के बाद ये वीडियो अफगानिस्तान के किस शहर में बनाया गया है इस बात की कोई जानकारी नहीं है।

वीडियो को ट्वीट करते हुए चीन के सरकारी अधिकारी झाओ ने लिखा है, 'साम्राज्यों का कब्रिस्तान और उनकी युद्ध मशीनें। तालिबान ने अपने विमानों को झूलों और खिलौनों में बदल दिया है।' उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।